सर्व शिक्षा अभियान पर निबंध - सर्व शिक्षा अभियान के उद्देश्य

सर्व शिक्षा अभियान पर निबंध - Essay on Sarva Shiksha Abhiyan

संकेत बिन्दु :- भूमिका, सर्व शिक्षा अभियान क्या है? सर्वशिक्षा अभियान के उद्देश्य, उपसंहार।

भूमिका :- सर्व शिक्षा का अर्थ है - सबके लिए शिक्षा। सामाजिक, धार्मिक, सांस्कृतिक, आर्थिक आदि भेदभावों से ऊपर उठकर समान रूप से देश के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा उपलब्ध कराना ही सर्व शिक्षा अभियान है। इस अभियान के अन्तर्गत देश के सभी राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेश शामिल हैं। भारत में शिक्षा के क्षेत्र में यह अब तक का सबसे महत्त्वपूर्ण कार्यक्रम है। 

सर्व शिक्षा अभियान क्या है? शिक्षा किसी भी देश के विकास में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाती है। वर्ष 2000-01 में तत्कालीन प्रधानमन्त्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार ने 'सर्व शिक्षा अभियान' का शुभारम्भ किया। सरकार को इस कार्यक्रम को आरम्भ करने की प्रेरणा वर्ष 1993-94 में शुरू किए गए 'जिला प्राथमिक शिक्षा कार्यक्रम' से मिली। इसकी आंशिक सफलता से उत्साहित होकर सरकार ने 'सर्व शिक्षा अभियान' की घोषणा की।

"सब पढ़ें, सब बढ़े "सर्व शिक्षा अभियान' का नारा एवं इसका लक्ष्य है। 14 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चों को कक्षा एक से कक्षा आठ तक निःशुल्क और अनिवार्य शिक्षा उपलब्ध कराना ही इसका उद्देश्य है। इस अभियान में इस बात पर जोर दिया गया है कि इस अनिवार्य शिक्षा के लिए स्कूल बच्चों के घर के समीप हो तथा चौदह वर्ष तक बच्चे किसी भी अवस्था में स्कूल न छोड़े।

इसके लिए शिक्षा को प्रभावित करने वाले सभी कारकों पर ध्यान देकर शिक्षकों की नियुक्ति, उनका प्रशिक्षण, माता-पिता तथा बच्चों को प्रेरित करना, छात्रवृत्ति, वर्दी पाठ्य पुस्तकों आदि का प्रावधान किया गया। इसके

अन्तर्गत उन क्षेत्रों में नए विद्यालय खोलने का भी लक्ष्य रखा गया था, जहाँ विद्यालय नहीं थे या विद्यालयों में कम सुविधाएँ थी। इसमें अतिरिक्त कक्षा-कक्षों, शौचालय, पेयजल सम्बन्धी सुविधाएँ आदि निर्मित करने सम्बन्धी प्रावधान भी किए गए ताकि विद्यालयों में सुविधाओं के अभाव के कारण बच्चे स्कूल न छोड़े। इस अभियान का लक्ष्य वर्ष 2010 तक सभी बच्चों को प्रारम्भिक शिक्षा (कक्षा I-VIII) के दायरे में लाना था। 

सर्व शिक्षा अभियान के उद्देश्य 'सर्व शिक्षा अभियान' ने शिक्षा के विस्तार में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। केन्द्र सरकार ने सर्व शिक्षा अभियान' को और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य के साथ वर्ष 2010 में "शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू किया इस अधिनियम में सर्व शिक्षा अभियान के सभी लक्ष्य समाहित हैं। शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 राज्य, परिवार और समुदाय की सहायता से 6-14 वर्ष तक के सभी बच्चों के लिए मुफ्त एवं अनिवार्य गुणवत्तायुक्त प्राथमिक शिक्षा सुनिश्चित करता है। यह 1 अप्रैल, 2010 से पूरे देश में लागू हुआ और इसी के साथ भारत शिक्षा को मौलिक अधिकार का दर्जा देने वाले विश्व के अन्य 135 देशों की सूची में शामिल हो गया। सरकार ने वर्ष 2015 तक के लिए सर्व शिक्षा अभियान के निम्न उद्देश्य निर्धारित किए हैं

1. जिन क्षेत्रों में विद्यालय नहीं हैं, वहाँ नए विद्यालयों की स्थापना करना और मौजूदा विद्यालयों की अवसंरचना में विस्तार करना एवं उनका रख-रखाव करना।

2. स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करना और मौजूदा शिक्षकों के लिए 'इन सर्विस' प्रशिक्षण कार्यक्रमों की व्यवस्था कराना।

3. बालिकाओं और 'चिल्ड्रन विद स्पेशल नीड्स' पर विशेष ध्यान केन्द्रित करते हुए सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारम्भिक शिक्षा उपलब्ध कराना। इसमें जीवनोपयोगी कौशल सम्बन्धी शिक्षा के अतिरिक्त कम्प्यूटर शिक्षा भी सम्मिलित है।

उपसंहार :- किसी प्रजातान्त्रिक देश में शिक्षित नागरिकों का बड़ा महत्त्व होता है। जननेता नेल्सन मंडेला का कहना है, "शिक्षा सबसे अधिक शक्तिशाली हथियार है, इसे हम दुनिया को बदलने के लिए प्रयोग कर सकते हैं।” शिक्षा ही मनुष्य को विश्व के अन्य प्राणियों से अलग कर उसे श्रेष्ठ एवं सामाजिक प्राणी के रूप में जीवन जीने के योग्य बनाती है।

इसके अभाव में न केवल समाज का, बल्कि पूरे देश का विकास अवरुद्ध हो जाता है। शिक्षा के इसी महत्त्व को देखते हुए भारत सरकार ने सबके लिए शिक्षा को अनिवार्य करने के उद्देश्य से शिक्षा का अधिकार अधिनियम पारित करने का एक प्रशंसनीय कार्य किया। इस कड़ी में सर्व शिक्षा अभियान को इसका सहयोगी बनाना निःसन्देह अत्यधिक लाभप्रद सिद्ध होगा।

FAQs :-

1. सर्व शिक्षा का क्या महत्व है?

Ans:- सर्व शिक्षा का महत्व जीवन कौशल सहित गुणवत्ता युक्त प्रारंभिक शिक्षा प्रदान करता है।

2. सर्व शिक्षा अभियान किसकी देन है?

Ans:- सर्व शिक्षा अभियान पूर्व भारतीय प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने वर्ष 2001-2002 में शुरू किया गया था।

3. सर्व शिक्षा अभियान कब शुरू हुआ था?

Ans:- सर्व शिक्षा अभियान वर्ष 2001-2002 शुरू हुआ था

4. सर्व शिक्षा अभियान का निष्कर्ष

Ans:- सर्व शिक्षा अभियान का सबसे महत्वपूर्ण लक्ष्य यह है कि देश के 6 – 14 वर्ष तक की आयु के सभी बच्चो को प्रारम्भिक शिक्षा उपलब्ध करवाना है।

5. सर्व शिक्षा अभियान का दूसरा नाम क्या है?

Ans:- सर्व शिक्षा अभियान का दूसरा नाम समग्र शिक्षा अभियान है

Read more :- पुस्तकों का महत्त्व पर निबंध

Post a Comment

Previous Post Next Post